सरायकेला: कुचाई अंचल कार्यालय में निर्वाचक निबंधन से संबंधित कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सुषमा सोरेन एवं सरायकेला के अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी की मौजूदगी में प्रपत्र 1, 2 एवं 3 से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई.


अधिकारियों ने संबंधित प्रपत्रों को सही तरीके से भरने, आवश्यक सूचनाओं के संकलन एवं सत्यापन तथा अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण को लेकर दिशा-निर्देश दिए. निर्वाचक निबंधन से जुड़े कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया.
बैठक में कहा गया कि प्रपत्रों से संबंधित कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की त्रुटि न हो और प्रत्येक आवश्यक जानकारी का नियमानुसार सत्यापन किया जाए. इसके साथ ही निर्वाचक निबंधन से जुड़े विभिन्न स्तरों के कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी चर्चा हुई. बैठक में मुख्य रूप से आंगनबाड़ी सेविका, बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर सहित निर्वाचक निबंधन कार्य से जुड़े अन्य कर्मी उपस्थित थे.

