आसनसोल मंडल में वाणिज्यिक गतिविधियों, यात्री सुविधाओं और मीडिया समन्वय की संभालेंगे जिम्मेदारी


आसनसोल: पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल में पंकज यादव ने सोमवार को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह जनसंपर्क अधिकारी का पदभार ग्रहण किया. उनकी नियुक्ति से मंडल की वाणिज्यिक गतिविधियों और जनसंपर्क कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है.
पंकज यादव को भारतीय रेल में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करने का व्यापक अनुभव है. वर्तमान पदस्थापना से पहले वे पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे. इससे पूर्व वे आसनसोल मंडल में मंडल परिचालन प्रबंधक (प्रभारी) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं.
नए दायित्व के तहत वे आसनसोल मंडल की वाणिज्यिक गतिविधियों के साथ जनसंपर्क कार्यों की निगरानी करेंगे. इसमें मीडिया के साथ समन्वय स्थापित करना, यात्री सुविधाओं, विकास योजनाओं, रेलवे की उपलब्धियों और मंडल की अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियों से जुड़ी जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना शामिल है.
परिचालन और वाणिज्यिक प्रशासन में अपने अनुभव के आधार पर उनसे मंडल की कार्यक्षमता बढ़ाने, यात्री सुविधाओं में सुधार लाने और मीडिया के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपेक्षा है. उनके पदभार ग्रहण करने से रेलवे की यात्री हितैषी पहलों और विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

