
सरायकेला: जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान लगातार जारी है. उपायुक्त के निर्देश पर जिला खनन विभाग और कांड्रा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कांड्रा थाना क्षेत्र स्थित पदमपुर टोल प्लाजा में विशेष जांच अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है.


जांच के दौरान कोयला लदे चार वाहनों को रोका गया. वाहन चालकों से खनिज परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद खनन विभाग ने कार्रवाई करते हुए चारों वाहनों को जब्त कर लिया.
जब्त किए गए वाहनों में JH05AU6616, JH05DE1017, JH05DN1016 एवं JH05DE6826 शामिल हैं. सभी वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से कांड्रा थाना में रखा गया है.
जिला खनन विभाग ने बताया कि मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. साथ ही अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी.
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा है कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जिला प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि अवैध खनन, भंडारण या परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय


