जामताड़ा: आगामी कोहरे के मौसम में रेल परिचालन को सुचारू बनाए रखने के मद्देनजर पूर्व रेलवे ने दिसंबर 2026 से मार्च 2027 तक कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन में बदलाव करने का निर्णय लिया है. इसके तहत हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस के दोनों दिशाओं के परिचालन को निर्धारित अवधि में पूरी तरह रद्द किया जाएगा. वहीं, चार अन्य ट्रेनों के सप्ताह के निर्धारित दिनों में चलने वाले फेरों में कटौती की जाएगी. इससे इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना में बदलाव करना पड़ सकता है.


रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन संख्या 13035 हावड़ा- देहरादून एक्सप्रेस 1 दिसंबर 2026 से 26 फरवरी 2027 तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को रद्द रहेगी. इस दौरान इसके कुल 26 फेरे रद्द होंगे। इसी तरह, ट्रेन संख्या 13036 देहरादून-हावड़ा एक्सप्रेस 2 दिसंबर 2026 से 27 फरवरी 2027 तक प्रत्येक बुधवार और शनिवार को नहीं चलेगी. इसके भी कुल 26 फेरे रद्द रहेंगे.
चार ट्रेनों के परिचालन में होगी कटौती
कोहरे के कारण चार अन्य ट्रेनों के भी निर्धारित दिनों के फेरे रद्द किए गए हैं. ट्रेन संख्या 13019 हावड़ा- काठगोदाम एक्सप्रेस 6 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक प्रत्येक रविवार को नहीं चलेगी. इसके कुल 13 फेरे रद्द रहेंगे. हालांकि, सप्ताह के शेष दिनों में ट्रेन का परिचालन पूर्ववत जारी रहेगा.
वहीं, ट्रेन संख्या 13020 काठगोदाम- हावड़ा एक्सप्रेस 8 दिसंबर 2026 से 2 मार्च 2027 तक प्रत्येक मंगलवार को रद्द रहेगी. इसके भी कुल 13 फेरे प्रभावित होंगे.
इसी क्रम में ट्रेन संख्या 12357 कोलकाता- अमृतसर एक्सप्रेस 5 दिसंबर 2026 से 27 फरवरी 2027 तक प्रत्येक शनिवार को रद्द रहेगी. इसके कुल 13 फेरे रद्द होंगे. यह ट्रेन मंगलवार को पूर्ववत चलेगी. दूसरी ओर, ट्रेन संख्या 12358 अमृतसर- कोलकाता एक्सप्रेस 7 दिसंबर 2026 से 1 मार्च 2027 तक प्रत्येक सोमवार को नहीं चलेगी. इसके भी कुल 13 फेरे रद्द रहेंगे, जबकि गुरुवार को ट्रेन का परिचालन सामान्य रहेगा.
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि उपरोक्त सभी तिथियां संबंधित ट्रेनों के प्रारंभिक स्टेशन से यात्रा शुरू करने की तिथियां हैं. कोहरे के मौसम को लेकर पूर्व में अधिसूचित अन्य रेल परिचालन संबंधी नियम एवं व्यवस्थाएं भी यथावत लागू रहेंगी. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेनों के परिचालन की स्थिति की जानकारी लेकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

