चाईबासा: जिले के गुदड़ी प्रखंड अंतर्गत देवां गांव में बिरसाईत समाज का 38वां तीन दिवसीय भगवान धर्म दिवस सोमवार को संपन्न हो गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बिरसाईत समाज के लोग शामिल हुए.

समापन अवसर पर धर्म दादा सुखराम मुंडा ने लोगों से नशापान, अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने अहिंसा, प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया था और समाज को उनके बताए मार्ग पर चलकर शांतिप्रिय एवं सशक्त बनाना चाहिए.
कार्यक्रम में धर्म संचालक बिरसा मुंडा ने बिरसा आबा की जीवनी पर प्रकाश डाला. तीन दिनों तक धर्म चर्चा, भजन- कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें बिरसाईत समाज के पारंपरिक गीत भी प्रस्तुत किए गए.

धर्म दिवस कार्यक्रम में गुदड़ी के अलावा बंदगांव और खूंटी क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. कार्यक्रम का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ था, जहां सिंहभूम सांसद जोबा माझी ने बिरसा आबा की प्रतिमा का अनावरण किया था.
इस अवसर पर राजेंद्र मुंडा, बुधु मुंडा, कैरी मुंडाइन, सोमवारी मुंडाइन और मंगरा आबा सहित बड़ी संख्या में बिरसाईत समाज के लोग मौजूद रहे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक



