सरायकेला/ Pramod Singh जिले में मार्च से जारी आंधी- बारिश का दौर अब थमने लगा है. मौसम के साफ होते ही गर्मी ने तेजी से अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. झारखंड में आने वाले दिनों में तापमान में तेज उछाल की संभावना जताई जा रही है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है.

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इसके साथ ही राज्य के कई हिस्सों में हीट वेव यानी उष्ण लहर की स्थिति बनने की आशंका है. गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप के कारण लोगों को दिन के समय बाहर निकलने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विभाग ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को सतर्क रहने की सलाह दी है. लोगों को अधिक से अधिक पानी पीने, धूप से बचने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी अपना विकराल रूप धारण कर सकती है. ऐसे में स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना बेहद जरूरी है. तेज गर्मी और हीट वेव से बचने के लिए कुछ सावधानियां अपनाना बेहद जरूरी है. दिन के समय खासकर दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें. हल्के रंग और ढीले- ढाले सूती कपड़े पहनें, ताकि शरीर को ठंडक मिल सके। बाहर निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढककर रखें. शरीर में पानी की कमी न हो, इसके लिए नियमित रूप से पानी, ORS, नींबू पानी, छाछ या नारियल पानी का सेवन करते रहें. खाली पेट धूप में निकलने से बचें और ज्यादा मेहनत वाले काम सुबह या शाम के समय करें. अगर चक्कर आना, सिर दर्द, उल्टी या कमजोरी महसूस हो तो तुरंत छांव में आराम करें और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से संपर्क करें. लू से बचाव के लिए सतर्कता ही सबसे बड़ा उपाय है.

