बोकारो/Shubham Mishra जिले में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है. चास थाना क्षेत्र के मालती लक्सजरिया सिटी के एन-ब्लॉक स्थित एक फ्लैट में छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि फ्लैट नंबर 101 में साइबर ठगी का अवैध धंधा संचालित किया जा रहा है. सूचना के आधार पर चास थाना प्रभारी प्रकाश मंडल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. इस टीम में साइबर थाना की इकाई भी शामिल थी. छापेमारी के दौरान फ्लैट के अंदर चार युवक मोबाइल और लैपटॉप के माध्यम से ठगी करते हुए रंगे हाथों पकड़े गए.
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को कॉल करते थे. वे KYC अपडेट, ATM ब्लॉक होने या लोन दिलाने के नाम पर लोगों को झांसे में लेते थे. आरोपी पीड़ितों से फर्जी APK फाइल इंस्टॉल करवाते थे. इसके बाद व्हाट्सएप कॉल और स्क्रीन शेयरिंग के जरिए बैंक डिटेल, OTP और अन्य संवेदनशील जानकारी हासिल कर उनके खातों से पैसे निकाल लेते थे. पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी पिछले तीन से चार महीनों से इस फ्लैट में रहकर ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे थे. गिरफ्तार सभी आरोपी जामताड़ा जिले के निवासी हैं, जिसे साइबर अपराध के लिए कुख्यात माना जाता है.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 16 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और कई मोबाइल नंबरों से भरी डायरी बरामद की है. इस मामले में चास थाना कांड संख्या 36/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आगे की जांच और कार्रवाई में जुटी हुई है.

