
चाईबासा/सोनुआ: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड क्षेत्र के सोनुआ, झाड़गांव और भालूरूंगी में गुरुवार को महाप्रभु जगन्नाथ की रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उत्साह के साथ निकाली गई. भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ भव्य रथ पर सवार होकर मौसी बाड़ी के लिए प्रस्थान किए. रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया.


मंदिरों में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के विग्रहों को रथ पर विराजमान कराया गया. इसके साथ ही पूरा क्षेत्र ‘जय जगन्नाथ’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा. रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में भगवान के रथ को खींचने का विशेष उत्साह देखने को मिला. दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन में शामिल होने पहुंचे.
रथयात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सोनुआ थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा पुलिस बल के साथ पूरे समय मौजूद रहीं. प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही. इस अवसर पर जदयू के जिलाध्यक्ष विश्राम मुंडा भी उपस्थित रहे.
सोनुआ के चेकनाका स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई रथयात्रा गुरुवार को लक्ष्मी मंदिर के समीप विश्राम करेगी. इसके बाद शुक्रवार को महाप्रभु का रथ मौसी बाड़ी पहुंचेगा, जहां धार्मिक अनुष्ठानों के साथ आगामी कार्यक्रम संपन्न होंगे.





