बोकारो/Shubham Mishra पुष्पा हत्याकांड मामले में हाईकोर्ट की सख्ती के बाद बोकारो पुलिस सक्रिय हो गई है. पिंडराजोरा थाना पुलिस ने गुरुवार को पुष्पा के माता- पिता को डीएनए सैंपल लेने के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. यहां चिकित्सकों की निगरानी में दोनों का सैंपल लिया गया.

दरअसल, इस मामले में गुरुवार को हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. कोर्ट ने राज्य के डीजीपी, आईजी, डीआईजी, एसपी, एफएसएल डायरेक्टर और एसआईटी टीम को सशरीर उपस्थित होने का निर्देश दिया था. सुनवाई के दौरान अदालत ने सरकार को दो सप्ताह के भीतर डीएनए रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया है.
इसके साथ ही कोर्ट ने कोलकाता में डीएनए जांच कराने और रिम्स में बरामद नर कंकाल का पोस्टमार्टम कराने का भी निर्देश दिया है. मामले को लेकर न्यायालय ने गंभीर रुख अपनाया है.
इधर, पुष्पा के माता-पिता ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि उन्हें केवल डीएनए सैंपल के लिए लाया गया है, लेकिन अब तक घटनास्थल से बरामद कपड़ों या अन्य सामान की पहचान नहीं कराई गई है.
परिजनों ने यह भी मांग की है कि मामले के मुख्य आरोपी दिनेश कुमार महतो का नार्को टेस्ट कराया जाए. उनका मानना है कि इससे घटना की सच्चाई सामने आ सकेगी. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और कोर्ट के निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है.

