खरसावां: विधायक दशरथ गागराई ने प्रखंड के बागराईडीह और सरायकेला क्षेत्र के मुरूप गांव में आयोजित मनसा पूजा में शामिल होकर मां मनसा की पूजा-अर्चना की. उन्होंने मां के समक्ष माथा टेककर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की.


दोनों गांवों में पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ मनसा पूजा का आयोजन किया गया. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सर्पों की देवी के रूप में पूजी जाने वाली मां मनसा की आराधना कर परिवार और समाज के मंगल की कामना की.
विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं. गांवों में मनाए जाने वाले पर्व-त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने के साथ सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का काम करते हैं. मौके पर भगत महतो, डॉक्टर महतो, श्रीकांत महतो, संजय प्रधान समेत स्थानीय ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद थे.

