सरायकेला: नगर पंचायत के अध्यक्ष सह झारखंड मुक्ति मोर्चा नेता मनोज कुमार चौधरी ने विष्णुगढ़ कांड को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने विष्णुगढ़ में 13 वर्षीय बच्ची की नृशंस हत्या को अत्यंत दुखद और अमानवीय बताते हुए कहा कि यह घटना पूरे समाज को झकझोर देने वाली है. उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की.

मनोज कुमार चौधरी ने आरोप लगाया कि इस संवेदनशील मामले में प्रारंभ में भारतीय जनता पार्टी द्वारा विरोध और बंद का आह्वान किया गया, लेकिन जैसे ही मुख्य आरोपी के भाजपा से जुड़े होने की बात सामने आई, पार्टी ने चुप्पी साध ली और बंद वापस ले लिया. उन्होंने कहा कि यह भाजपा की दोहरी नीति और अवसरवादी राजनीति को उजागर करता है. किसी भी जघन्य अपराध को सांप्रदायिक रंग देना और राजनीतिक लाभ के लिए उपयोग करना निंदनीय है.
उन्होंने भाजपा से अपने रुख में बदलाव पर स्पष्टीकरण देने और जनता से माफी मांगने की मांग की.
साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो यह दर्शाता है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है. उन्होंने कहा कि सरकार न्याय, शांति, सौहार्द और समावेशी विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

