कपाली/ Afroz Mallik ओपी क्षेत्र में वर्ष 2025 के चर्चित गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. जहां पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी राशिद उर्फ़ मोहम्मद राशिद को गिरफ्तार कर लिया गया है, साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है.

मामला 6 सितंबर 2025 की रात का है, जब चांडिल थाना क्षेत्र के कपाली ओपी अंतर्गत वार्ड संख्या- 21 स्थित हैदर फैक्ट्री के पास अपराधियों ने मो. सिद्दीक खान पर जानलेवा फायरिंग की थी. इस घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इस संबंध में कपाली ओपी कांड संख्या 146/2025, दिनांक 07.09.2025 के तहत धारा 109/308(4)/351(3)/3(5) BNS 2023 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था.
जांच के क्रम में पुलिस ने पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था और घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया था. इसी कड़ी में पुलिस ने फरार आरोपी मोहम्मद राशिद (20 वर्ष), निवासी अंसारनगर, डैमडूबी, कपाली को गुरुवार को गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के बाद उसे शुक्रवार को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस के अनुसार आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या JH05DX 1765) भी बरामद कर ली गई है. इस कार्रवाई में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई.
छापामारी दल में रंजीत कुमार, आरक्षी विपुल कुमार तिवारी एवं आरक्षी दस्तगीर आलम शामिल थे. पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी गहन पड़ताल की जा रही है.

