जामताड़ा/ Manish Baranwal शहर के नामुपाड़ा मोहल्ले में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने घर के अंदर बक्से में छिपे एक युवक को बरामद कर हिरासत में ले लिया. जिसके बाद तरह- तरह की चर्चाएं हो रही हैं.

मिली जानकारी के अनुसार युवक काफी देर से एक महिला के घर में मौजूद था. इसी दौरान महिला के बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया. महिला ने उन्हें चुप कराने की कोशिश की, लेकिन जब बच्चे नहीं माने तो उसने उनकी पिटाई कर दी.
बच्चों के शोर- शराबे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और घर की तलाशी ली.
तलाशी के दौरान पुलिस ने पाया कि महिला ने युवक को घर के अंदर एक बक्से में छिपा रखा था और ऊपर से कपड़ा ढक दिया था. पुलिस ने बक्सा खोलकर युवक को बाहर निकाला और उसे हिरासत में लेकर थाना ले गई. घटना के समय महिला का पति घर पर मौजूद नहीं था. बताया जा रहा है कि वह अक्सर बाहर रहते हैं. महिला अपने दो छोटे बच्चों के साथ नामुपाड़ा में रहती है, जिसका फायदा उठाकर युवक का घर आना- जाना लगा हुआ था, जिसका बच्चे विरोध करते थे. पकड़ा गया युवक जमुई का रहने वाला बताया जा रहा है और वह महिला के पति का परिचित भी है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल में जुटी है.

