गम्हरिया: झारखंड क्षत्रिय संघ गम्हरिया इकाई की ओर से महान स्वतंत्रता सेनानी वीर कुंवर सिंह की जयंती को विजय दिवस के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाया गया. कार्यक्रम स्वर्गीय संतोष सिंह के मोतीनगर स्थित आवास पर आयोजित हुआ.

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड क्षत्रिय संघ के केंद्रीय अध्यक्ष शंभूनाथ सिंह उपस्थित रहे. इस दौरान संघ के पदाधिकारियों और समाज के लोगों ने वीर कुंवर सिंह की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता गम्हरिया इकाई के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने की. मुख्य अतिथि शंभूनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वीर कुंवर सिंह केवल क्षत्रिय समाज ही नहीं बल्कि पूरे समाज के नायक थे. उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष में सभी वर्गों को साथ लेकर लड़ाई लड़ी और समाज में एकता का संदेश दिया.
उन्होंने लोगों से उनके जीवन से प्रेरणा लेने की अपील करते हुए घोषणा की कि गम्हरिया ब्लॉक के पीछे स्थित वीर कुंवर सिंह मैदान में उनकी प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिसके लिए केंद्रीय समिति हर संभव सहयोग करेगी.
नवनियुक्त अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने स्वर्गीय संतोष सिंह की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया और सर्व समाज को साथ लेकर चलने की बात कही. उन्होंने यह भी कहा कि समाज में जो लोग किसी कारणवश नाराज हैं, उन्हें मनाने का प्रयास किया जाएगा.
कार्यक्रम को पूर्व पार्षद सिद्धनाथ सिंह, प्रमोद सिंह सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया और वीर कुंवर सिंह के जीवन और योगदान पर प्रकाश डाला. कार्यक्रम का संचालन बीरेंद्र सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बबुआ सिंह ने दिया. इस अवसर पर संरक्षक भगवान सिंह, सुरेंद्र सिंह, विनय सिंह, पंकज सिंह, पार्षद शुभम पांडेय सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे.

