सरायकेला: कुचाई प्रखंड के छोटासेगोई पंचायत अंतर्गत बड़ा सेगोई मॉडल स्कूल मैदान में बीएमसी क्लब बड़ा सेगोई के तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल एवं समापन समारोह उत्साह के साथ संपन्न हुआ. प्रतियोगिता में आसपास के विभिन्न गांवों की टीमों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया.


फाइनल मुकाबला जंगली टाइगर भाई-भाई और ब्रदर्स एफसी के बीच खेला गया. रोमांचक मुकाबले में जंगली टाइगर भाई-भाई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया. विजेता टीम को 20 हजार रुपये और उपविजेता ब्रदर्स एफसी को 12 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया. वहीं तीसरे स्थान पर रहे जीडीआर और चौथे स्थान पर रहे सिगीदा को 6-6 हजार रुपये देकर पुरस्कृत किया गया.
समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि अर्जुन उर्फ नायडू गोप और विशिष्ट अतिथि विधायक प्रतिनिधि सह प्रखंड अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार मुंडा ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया.
अर्जुन उर्फ नायडू गोप ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में फुटबॉल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच देती हैं. खेल से अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है. धर्मेंद्र कुमार मुंडा ने कहा कि फुटबॉल ग्रामीण क्षेत्र का लोकप्रिय खेल है और ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं.
मौके पर भरत सिंह मुंडा, मुन्ना सोय, राहुल सोय, मुखिया करम सिंह मुंडा, चंद्रमोहन मुंडा, अर्जुन लोहार, नरेश मुंडा, कारू मुंडा, लखीराम मुंडा, मोहनलाल मुंडा समेत अन्य लोग मौजूद थे.

