जमशेदपुर/ Varun Kumar गोपाल मैदान में वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की 236वीं जयंती पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 55 हजार लोगों की ऐतिहासिक भागीदारी दर्ज की गई. झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल, ओड़िशा और असम से भी बड़ी संख्या में समाज के लोग पहुंचे, जिससे पूरा मैदान पारंपरिक रंग में सराबोर नजर आया.

कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों और बालिकाओं ने मांदर की थाप पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया. विभिन्न सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुति ने आयोजन को और भव्य बना दिया. पूरे कार्यक्रम में भूमिज समाज की संस्कृति, परंपरा और एकता की झलक साफ दिखाई दी.
समारोह में पहुंचे अतिथियों ने वीर शहीद के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया. इस अवसर पर कई बुद्धिजीवियों और विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया.

पोटका विधायक संजीव सरदार ने कहा कि गंगा नारायण सिंह का संघर्ष समाज के स्वाभिमान का प्रतीक है. उन्होंने युवाओं से शिक्षा पर ध्यान देने और समाज को संगठित रखने की अपील की. साथ ही भाषा और संस्कृति के संरक्षण पर जोर दिया.
वहीं जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती और घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन ने भी एकता, जागरूकता और सामाजिक समरसता पर बल दिया.
कार्यक्रम में पूर्व विधायक मेनका सरदार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. आयोजन ने न केवल समाज की एकजुटता को मजबूत किया, बल्कि नई पीढ़ी को अपने इतिहास और विरासत से जोड़ने का भी काम किया.

