जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के मिहिजाम के वार्ड संख्या 8 स्थित पोखरतल्ला इलाके में रविवार तड़के करीब 4 बजे भीषण आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया. स्थानीय निवासी मो. अख्तर के घर परिसर में बने टेंट हाउस के गोदाम में अचानक आग भड़क उठी.

आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में गोदाम में रखा पूरा टेंट का सामान जलकर राख हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा- तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए.
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. उनकी सक्रियता से आग को फैलने से रोका जा सका, जिससे आसपास के घरों को सुरक्षित बचा लिया गया.
घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को भी दी गई थी, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही आग को नियंत्रित कर लिया गया था. फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

