जामताड़ा: छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने तीन अनारक्षित स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है. इनमें सियालदह-जयनगर, सियालदह-बलिया और कोलकाता-गोरखपुर स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं. तीनों ट्रेनें जामताड़ा स्टेशन होकर गुजरेंगी. इसके अलावा रांची और दुमका के बीच भी स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जाएगा. इन ट्रेनों के चलने से पर्व के दौरान यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी.


सियालदह-जयनगर स्पेशल ट्रेन
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, ट्रेन संख्या 03137 सियालदह-जयनगर अनारक्षित स्पेशल 12 नवंबर को 15:40 बजे सियालदह से रवाना होकर अगले दिन सुबह 07:00 बजे जयनगर पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 03138 जयनगर-सियालदह स्पेशल 13 नवंबर को सुबह 10:00 बजे जयनगर से प्रस्थान करेगी और अगले दिन रात 01:30 बजे सियालदह पहुंचेगी.
सियालदह-बलिया स्पेशल ट्रेन
ट्रेन संख्या 03139 सियालदह-बलिया अनारक्षित स्पेशल 11 नवंबर को सुबह 10:05 बजे सियालदह से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 04:00 बजे बलिया पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 03140 बलिया-सियालदह स्पेशल 12 नवंबर को सुबह 07:00 बजे बलिया से प्रस्थान करेगी और अगले दिन रात 01:30 बजे सियालदह पहुंचेगी.
कोलकाता-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन
इसी क्रम में ट्रेन संख्या 03141 कोलकाता-गोरखपुर अनारक्षित स्पेशल 13 नवंबर को 15:40 बजे कोलकाता से रवाना होकर अगले दिन सुबह 11:00 बजे गोरखपुर पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 03142 गोरखपुर-कोलकाता स्पेशल 14 नवंबर को दोपहर 13:30 बजे गोरखपुर से खुलेगी और अगले दिन सुबह 10:30 बजे कोलकाता पहुंचेगी.
रांची-दुमका स्पेशल का भी होगा परिचालन
यात्रियों की सुविधा के लिए रांची और दुमका के बीच भी स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी. ट्रेन संख्या 08619 रांची-दुमका स्पेशल 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को रांची से सुबह 09:00 बजे प्रस्थान कर उसी दिन शाम 18:30 बजे दुमका पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 08620 दुमका-रांची स्पेशल दोनों तिथियों को रात 21:00 बजे दुमका से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 08:30 बजे रांची पहुंचेगी.
यह ट्रेन जामा, बासुकीनाथ, घोरमारा, देवघर, कुमाराबाद, मधुपुर, चित्तरंजन, बराकर और कुमारधुबी स्टेशनों पर रुकेगी. ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान और वातानुकूलित श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे.
जामताड़ा के यात्रियों को होगा लाभ
छठ पूजा के मद्देनजर तीन अनारक्षित स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से जामताड़ा के यात्रियों को सियालदह, कोलकाता, जयनगर, बलिया और गोरखपुर की यात्रा में सुविधा मिलेगी. वहीं, रांची-दुमका स्पेशल ट्रेन से भी क्षेत्र के यात्रियों को लाभ होगा. त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए इन विशेष ट्रेनों का परिचालन महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

