
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारेंगदा- गुदड़ी मुख्य मार्ग पर शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा कमरगांव के समीप कारो नदी के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार जेसीबी ने पीछे से एक सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी.


हादसे में बुरूयूरूडिंग निवासी 61 वर्षीय टेसा मुतिया की अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही मौत हो गई. वहीं बेड़ाउरूडिंग निवासी 17 वर्षीय आर्यन माझी, 45 वर्षीय देवो मछुआयिन और तूजूर निवासी 45 वर्षीय बासु कुम्हार गंभीर रूप से घायल हो गए.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी लोग सारेंगदा साप्ताहिक बाजार से खरीदारी कर सवारी वाहन से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान कमरगांव के पास पीछे से आ रही एक अनियंत्रित जेसीबी ने वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
घटना की सूचना मिलते ही गुदड़ी थाना प्रभारी सुदर्शन मिंज पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सोनुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
घटना की जानकारी मिलने पर झामुमो के गुदड़ी प्रखंड कोषाध्यक्ष सिमोन सुरीन भी सोनुआ अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है. वहीं दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक


