लोहरदगा: उत्क्रमित मध्य विद्यालय शांति आश्रम में शुक्रवार को आठ प्रशिक्षु शिक्षिकाओं के प्रशिक्षण अवधि पूरी होने पर विदाई समारोह आयोजित किया गया. इस दौरान विद्यालय परिवार और छात्र-छात्राओं ने उन्हें भावपूर्ण विदाई दी.


प्रिंसिपल सावित्री मधुर ने कहा कि प्रशिक्षु शिक्षिकाओं ने बच्चों की शिक्षा के साथ अनुशासन और संस्कार देने में बेहतर भूमिका निभाई. उनके कार्यों से शिक्षक के रूप में नई पीढ़ी को संवारने और देश की सेवा करने का जज्बा दिखाई दिया. उन्होंने सभी प्रशिक्षु शिक्षिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. वहीं प्रशिक्षु शिक्षिकाओं ने करीब एक महीने के प्रशिक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक गतिविधियों में मिली सहभागिता एवं अनुभवों को अविस्मरणीय बताया.
कार्यक्रम में शिक्षिका ओलिव गुप्त, चरिया देवी, प्रियंका कुमारी, सरिता कुमारी के अलावा प्रशिक्षु शिक्षिकाएं उषा सुमिरा मिंज, मनीषा कुल्लू, अमिया केरकेट्टा, रोज मिंज, अमिता चेरमाको, कमला एक्का, अनीशा सोरेंग और विभा बरवा समेत छात्र-छात्राएं मौजूद थे.

