जामताड़ा: एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के तहत 5 अगस्त को जारी पुनरीक्षित मतदाता सूची में कथित विसंगतियों को लेकर भाजपा ने सवाल खड़े किए हैं. गुरुवार को हरिमोहन मिश्रा के आवासीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने दावा किया कि जांच के दौरान एक ही मकान संख्या पर 54 मतदाताओं के नाम दर्ज मिले हैं. वहीं जिले में बड़ी संख्या में मतदाताओं के पते में मकान संख्या के स्थान पर ‘शून्य’ दर्ज होने का भी आरोप लगाया गया. भाजपा ने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है.


सुमित शरण ने कहा कि एक ही मकान संख्या पर दर्ज 54 मतदाताओं में हिंदू, मुस्लिम और आदिवासी समुदाय के लोग शामिल हैं. उनका कहना था कि अलग-अलग समुदायों के इतनी बड़ी संख्या में मतदाताओं का एक ही मकान संख्या पर दर्ज होना जांच का विषय है. उन्होंने संबंधित मतदाताओं के पते का भौतिक सत्यापन कराने की मांग की.
भाजपा जिलाध्यक्ष ने मकान संख्या के स्थान पर ‘शून्य’ दर्ज होने को लेकर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि जामताड़ा की परिस्थितियां दिल्ली जैसे महानगरों से अलग हैं. ऐसे में बड़ी संख्या में मतदाताओं के पते में मकान संख्या शून्य दर्ज होने के कारणों की जांच कर स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए.
कई बूथों पर नाम जोड़ने- काटने का आरोप
भाजपा ने बूथ संख्या 210, 11, 12, 13, 14, 15 और 243 समेत दर्जनों मतदान केंद्रों की मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाया है. पार्टी नेताओं का दावा है कि कुछ स्थानों पर गलत तरीके से नाम जोड़े गए हैं, जबकि कई मतदाताओं के नाम सूची से काटे जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं. हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
हरिमोहन मिश्रा ने बताया कि कथित विसंगतियों को लेकर उन्होंने पूर्व में दो बार ई-मेल के माध्यम से भारत निर्वाचन आयोग और राज्य निर्वाचन आयोग को शिकायत भेजी थी. उन्होंने दावा किया कि शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि भी हुई, लेकिन उस पर अब तक क्या कार्रवाई की गई, इसकी जानकारी उन्हें नहीं मिली है.
मिश्रा ने एसआईआर प्रक्रिया के दौरान जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी के स्थानांतरण और नए पदाधिकारी की नियुक्ति के समय को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों के संबंध में लागू प्रावधानों के आलोक में इसकी भी जांच की मांग की.
भाजपा नेताओं ने भारत निर्वाचन आयोग और राज्य निर्वाचन आयोग से जामताड़ा जिले में एसआईआर के दौरान सामने आई कथित विसंगतियों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है. प्रेस वार्ता में जिला महासचिव कमलेश मंडल समेत अन्य भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

