सरायकेला: SIR-2026 के तहत पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सत्यापन एवं प्रपत्र-6 संग्रहण कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया है. मंगलवार को जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने राजनगर क्षेत्र के पांच मतदान केंद्रों पर पहुंचकर होम-टू-रोल सत्यापन और प्रपत्र-6 संग्रहण कार्य की प्रगति की समीक्षा की.


पांच मतदान केंद्रों पर कार्यों का लिया जायजा
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने राजनगर क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 339, 371, 437, 441 एवं 439 पर चल रहे कार्यों की स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों की पहचान और नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रगति की समीक्षा की गई. उन्होंने निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
सोसोमली उच्च विद्यालय में विद्यार्थियों को किया जागरूक
मतदाता जागरूकता अभियान के तहत प्रोजेक्ट प्लस-2 उच्च विद्यालय, सोसोमली में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) के माध्यम से गतिविधियां आयोजित की गईं. इसमें विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया, प्रपत्र-6 के उपयोग और लोकतांत्रिक व्यवस्था में मताधिकार के महत्व की जानकारी दी गई. साथ ही, पात्र विद्यार्थियों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक किया गया.
सुनवाई अभिलेखों की अपलोडिंग और प्रपत्रों के निष्पादन पर जोर
SIR-2026 के अंतर्गत मतदाता सूची से संबंधित सुनवाई अभिलेखों की अपलोडिंग तथा प्राप्त प्रपत्रों के निष्पादन की प्रगति की भी समीक्षा की गई. विशेष रूप से नो-मैपिंग श्रेणी के मामलों के सुनवाई अभिलेख अपलोड करने और प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन से पहले प्राप्त प्रपत्रों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.

