जामताड़ा: नवपदस्थापित सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र कुमार मिश्रा ने बुधवार को अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, सुलभ तथा गुणवत्तापूर्ण बनाने की प्रतिबद्धता जताई. उन्होंने कहा कि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके लिए विभागीय स्तर पर लगातार सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे.



डॉ. मिश्रा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत होने पर आम नागरिक सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं. शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े.
उन्होंने कहा कि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार और बेहतर उपचार व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जाएगा.
सिविल सर्जन ने विश्वास जताया कि प्रशासन, स्वास्थ्य कर्मियों और आम लोगों के सहयोग से जामताड़ा की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी. उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखना और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





