चांडिल: विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत बुधवार को सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड कार्यालय परिसर में स्वास्थ्य एवं पोषण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन ईचागढ़ विधायक सबिता महतो ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया.



कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया. विधायक सबिता महतो ने कहा कि जन्म के बाद पहले छह माह तक शिशु के लिए केवल मां का दूध ही सर्वोत्तम और संपूर्ण आहार है. इससे बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास बेहतर होता है और कई गंभीर बीमारियों से भी बचाव होता है.
इस अवसर पर दिव्यांगजनों के बीच श्रवण यंत्र एवं ट्राई साइकिल का वितरण किया गया. वहीं मुख्यमंत्री साइकिल वितरण योजना के तहत छात्र-छात्राओं को साइकिल भी प्रदान की गई. अधिकारियों ने बताया कि कुकड़ू प्रखंड के 714 विद्यार्थियों को चरणबद्ध तरीके से साइकिल दी जाएगी. पहले चरण में 35 छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरित की गई.

विधायक ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और उनकी पढ़ाई को बढ़ावा मिलेगा.
कार्यक्रम में अंचल अधिकारी अभय द्विवेदी, प्रखंड विकास पदाधिकारी राजश्री ललिता बाखला, प्रखंड प्रमुख प्रतिमा सिंह पातर, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष कृत्तिवास महतो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी सेविकाएं, स्वास्थ्यकर्मी और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर





