जामताड़ा: में दादी भक्तों की आस्था और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला. श्री दादी जी के 51वें भादो महोत्सव के दो दिवसीय आयोजन के प्रथम दिन गुरुवार को भव्य ध्वजा यात्रा निकाली गई. बड़ी संख्या में दादी भक्त हाथों में ध्वज लेकर “दादी जी की जय” के जयकारे लगाते हुए पुरानी हटिया स्थित शिव मंदिर से दुमका रोड स्थित रानी सती मंदिर पहुंचे.


जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा. ध्वजा यात्रा में महिलाओं और पुरुषों समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था.
रानी सती मंदिर में हुई पूजा-अर्चना
ध्वजा यात्रा के रानी सती मंदिर पहुंचने के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई. इस दौरान महिलाओं ने दादी जी की भव्य महाआरती प्रस्तुत की, जिससे मंदिर परिसर का वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया.
महोत्सव के प्रथम दिन रानी सती मंदिर में श्री दादी जी का भव्य एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया. इसके साथ ही अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई. मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार उमड़ती रही.
भजनों की रसधार में झूमेंगे दादी भक्त
महोत्सव के तहत देर शाम भजन संध्या का आयोजन किया गया. कोलकाता से पहुंचे प्रसिद्ध भजन गायक अमित केसरी और प्रीति सोनी दादी जी के भजनों की प्रस्तुति देंगे. भजन संध्या को लेकर दादी भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है.
आयोजकों के अनुसार, भक्ति संगीत के माध्यम से श्रद्धालुओं को दादी जी की भक्ति में सराबोर करने की तैयारी की गई है.
51वें भादो महोत्सव के पहले दिन जामताड़ा में आस्था, भक्ति और उल्लास का ऐसा वातावरण बना कि पूरा शहर दादी जी के जयकारों से गूंज उठा.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

