चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी पुलिस ने चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी मोहम्मद महफूज को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद महफूज, उम्र करीब 30 वर्ष, पिता मोहम्मद मतलुब, निवासी मिल्लत नगर, कपाली ओपी क्षेत्र, थाना चांडिल के रूप में हुई है.


कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि मोहम्मद महफूज चोरी के एक मामले में फरार चल रहा था. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने घर पर मौजूद है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी कर महफूज को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कपाली ओपी लाया गया, जहां आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया. न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
पुलिस के अनुसार, चोरी समेत अन्य आपराधिक मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है. पुलिस ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए फरार आरोपियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
छापेमारी दल में एएसआई धर्मेंद्र कुमार, एएसआई मुन्ना कुमार राय समेत कपाली ओपी के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक

