सरायकेला: चांडिल अनुमंडल के चारों प्रखंड सह अंचल कार्यालयों में लंबित जाति, आय, आवासीय तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों के त्वरित निष्पादन की मांग को लेकर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल को पत्र लिखा है. उन्होंने छात्र-छात्राओं और आम लोगों के हित को देखते हुए लंबित आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन कराने की मांग की है.


पत्रांक 46/2026, दिनांक 27 अक्टूबर 2026 के माध्यम से जिप उपाध्यक्ष ने कहा है कि बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं आम लोगों ने प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन किया है, जो कई दिनों से लंबित हैं.
उन्होंने विशेष रूप से e-Kalyan छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर होने का उल्लेख करते हुए कहा कि समय पर जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र नहीं मिलने से गरीब छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित हो सकते हैं. वहीं जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र लंबित रहने से लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही है.
मधुश्री महतो ने कहा कि यह केवल प्रमाण पत्र जारी करने का मामला नहीं, बल्कि हजारों विद्यार्थियों के भविष्य और आम जनता के हित से जुड़ा विषय है. उन्होंने प्रशासन से तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.
पत्र की प्रतिलिपि उपायुक्त सरायकेला-खरसावां के साथ चांडिल अनुमंडल के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को भी भेजी गई है.

