जामताड़ा: केंद्र सरकार की कथित वायदाखिलाफी और लंबित मांगों पर पहल नहीं होने के विरोध में शुक्रवार को बैंककर्मी सड़क पर उतर आए. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर जिले के बैंककर्मी एकदिवसीय हड़ताल पर रहे. इससे जिले में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं.


जामताड़ा के गांधी चौक स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा के सामने बैंककर्मियों ने सौरभ कुमार राय के नेतृत्व में प्रदर्शन किया और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से बैंककर्मियों की मांगों को लेकर चर्चा के बावजूद ठोस समाधान नहीं निकला है.
बैंककर्मियों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना शामिल है. इसके अलावा कथित एकतरफा एवं भेदभावपूर्ण PLI योजना को वापस लेने अथवा इसके क्रियान्वयन को स्थगित कर द्विपक्षीय वार्ता के जरिए आवश्यक संशोधन करने और अन्य लंबित मुद्दों के शीघ्र समाधान की मांग की गई.
यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि शुक्रवार की हड़ताल के बाद भी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा. घोषित कार्यक्रम के अनुसार 28, 29 और 30 सितंबर को फिर हड़ताल की जाएगी. इसके बाद 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है.
प्रदर्शन के बाद बैंककर्मियों ने बाजार क्षेत्र में लोगों के बीच अपनी मांगों को लेकर अभियान भी चलाया. प्रदर्शन में प्रदीप चौधरी, धीरज क्रांति, दोलन दास, संजीत कुमार, नंदकिशोर बास्की, अमित कुमार दास, उमा कुमारी, कुंदन कुमार, विजय दास, चंचल, प्रकाश चंद्र राम, अमित कुमार और नेहा प्रकाश समेत बड़ी संख्या में बैंककर्मी शामिल रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

