जामताड़ा: जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के कोरीडीह वन पंचायत अंतर्गत मोहड़ार तालाब में शुक्रवार अहले सुबह करीब 50 वर्षीय जहारुद्दीन अंसारी उर्फ डुलिया का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. जहारुद्दीन गुरुवार रात करीब नौ बजे मछली पकड़ने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रातभर वापस घर नहीं लौटे.


शुक्रवार सुबह स्थानीय लोग तालाब की ओर पहुंचे तो पानी में एक शव उपलाता दिखाई दिया. खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना नारायणपुर थाना पुलिस को दी. पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला. इसके बाद मृतक की पहचान जहारुद्दीन अंसारी उर्फ डुलिया के रूप में हुई.
स्थानीय निवासी समसुल अंसारी ने बताया कि सुबह तालाब में शव दिखाई देने के बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई. घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे. जहारुद्दीन का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मछली पकड़ने के दौरान जहारुद्दीन तालाब में कैसे गिरे और किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई. नारायणपुर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

