
जामताड़ा: साइबर अपराध के लिए चर्चित जामताड़ा में साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के क्रेडिट कार्ड अपडेट करने के नाम पर देशभर के लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से ₹4,04,500 नकद, दो मोबाइल फोन, तीन सक्रिय सिम कार्ड, दो बैंक पासबुक, आधार कार्ड तथा वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है. पुलिस का कहना है कि आरोपी तकनीकी तरीके से लोगों के मोबाइल का नियंत्रण हासिल कर उनके बैंक खातों से रकम उड़ाता था.


मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में साइबर डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि करमाटांड़ थाना क्षेत्र में एक सक्रिय साइबर अपराधी लोगों को झांसा देकर ऑनलाइन ठगी कर रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद एसपी के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के कुरुवा गांव स्थित हटिया के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नसरूद्दीन अंसारी (30 वर्ष), ग्राम पंचरूखी, थाना मारगोमुण्डा, जिला देवघर निवासी के रूप में हुई है. पूछताछ और जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी खुद को SBI का अधिकारी बताकर लोगों को फोन करता था. वह क्रेडिट कार्ड बंद होने, केवाईसी अपडेट करने या नया क्रेडिट कार्ड सक्रिय करने का झांसा देकर पीड़ितों के मोबाइल पर व्हाट्सएप अथवा मैसेज के माध्यम से एक APK फाइल भेजता था.
जैसे ही पीड़ित उस APK फाइल को डाउनलोड कर अपने मोबाइल में इंस्टॉल करते थे, आरोपी उनके मोबाइल का रिमोट एक्सेस हासिल कर लेता था. इसके बाद वह बैंकिंग एप, क्रेडिट कार्ड और अन्य वित्तीय जानकारियां चुराकर खातों से पैसे निकाल लेता था. पुलिस का मानना है कि इस तरीके से आरोपी ने देश के विभिन्न राज्यों के कई लोगों को अपना शिकार बनाया.
*बरामद सामान*
₹4,04,500 नकद, दो मोबाइल फोन, तीन सक्रिय सिम कार्ड, दो बैंक पासबुक, आधार कार्ड और वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम तथा टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस साइबर ठगी गिरोह में और कौन- कौन लोग शामिल हैं. पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी कर रही है.
साइबर डीएसपी अमित कुमार ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल न करें. बैंक, एटीएम, ओटीपी, क्रेडिट कार्ड या इंटरनेट बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें. किसी भी संदिग्ध कॉल या साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या नजदीकी साइबर थाना से संपर्क करें.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





