
जामताड़ा: टावर चौक से न्यू टाउन जाने वाली सड़क पर बुधवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर पंचायत की टीम को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा. उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर नगर पंचायत प्रशासन पुलिस बल के साथ सड़क किनारे स्थित एक चाय दुकान को हटाने पहुंचा था. कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे कुछ देर के लिए मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई.


इसी दौरान कांग्रेस नेता इरशादुल हक आरसी और विनोद छेत्री ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सह जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी से फोन पर बात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी. इसके बाद मंत्री के हस्तक्षेप की चर्चा के बीच प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई रोक दी.
स्थानीय लोगों का कहना था कि संबंधित दुकान से जुड़ा मामला वर्तमान में अनुमंडल न्यायालय में विचाराधीन है. इसलिए न्यायालय के निर्णय से पहले कार्रवाई उचित नहीं है. लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि एक व्यवसायी के इशारे पर नगर पंचायत प्रशासन कार्रवाई करने पहुंचा था.

नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खण्डैत ने बताया कि उपायुक्त आलोक कुमार के जनता दरबार में सड़क अतिक्रमण की शिकायत प्राप्त हुई थी. उसी शिकायत के आधार पर नगर पंचायत की टीम नियमानुसार कार्रवाई करने पहुंची थी. उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सार्वजनिक सड़क को अतिक्रमण मुक्त कर आम लोगों की सुविधा सुनिश्चित करना है.
अंचल अधिकारी सह बीडीओ अबिश्वर मुर्मू ने कहा कि प्रशासन न्यायालय और कानून के निर्देशों का पूरी तरह पालन करेगा. यदि मामला न्यायालय में विचाराधीन है तो उसी के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन का उद्देश्य किसी के साथ अन्याय करना नहीं, बल्कि विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करना है.
कांग्रेस नेता इरशादुल हक आरसी ने कहा कि संबंधित दुकान का मामला अनुमंडल न्यायालय में लंबित है. ऐसे में न्यायालय के निर्णय से पहले कार्रवाई नहीं होनी चाहिए. वहीं विनोद छेत्री ने कहा कि प्रशासन को न्यायिक प्रक्रिया और जनभावना का सम्मान करते हुए निष्पक्ष जांच के बाद ही आगे कदम उठाना चाहिए.
मौके पर अंचल अधिकारी सह बीडीओ अबिश्वर मुर्मू, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खण्डैत, थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर मनोज कुमार महतो, सिटी मैनेजर, नगर पंचायत कर्मी सौरभ झा, निताई मंडल सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और स्थानीय लोग मौजूद थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





