जमशेदपुर: पोखारी स्थित नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है. यूनिवर्सिटी के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित कैंपस ड्राइव के माध्यम से 5 छात्रों का चयन एरिना एनीमेशन में किया गया है.

चयनित छात्रों को कंपनी की ओर से ग्राफिक्स डिजाइनर और सेल्स मैनेजर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति दी गई है. इन सभी को करीब 2.6 लाख रुपये वार्षिक पैकेज का ऑफर मिला है. चयनित छात्रों में बीबीए, एमबीए और बीटेक के विद्यार्थी शामिल हैं, जिन्होंने अपनी योग्यता और कौशल के आधार पर यह सफलता हासिल की है.
इस उपलब्धि पर यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान को अपने छात्रों पर गर्व है, जो तकनीकी और रचनात्मक दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस तरह की सफलता यह दर्शाती है कि यूनिवर्सिटी विद्यार्थियों को बहुमुखी प्रतिभा के लिए तैयार कर रही है.
वहीं कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणी ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि वर्तमान समय में क्रिएटिव इंडस्ट्री और सेल्स मैनेजमेंट के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं. उन्होंने कहा कि यह चयन छात्रों की अनुकूलन क्षमता और यूनिवर्सिटी के गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का परिणाम है. कैंपस में इस उपलब्धि के बाद उत्साह का माहौल है. चयनित छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों के मार्गदर्शन और प्लेसमेंट सेल द्वारा दिए गए अवसरों को दिया है.

