हजारीबाग: जिले के बरही स्थित हजारीबाग रोड पर शुक्रवार को दिनदहाड़े एक बड़ी बैंक डकैती की सनसनीखेज घटना सामने आई है. जहां हथियारबंद अज्ञात अपराधियों ने बैंक ऑफ़ महाराष्ट्र की शाखा में घुसकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने बैंक में मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया. इसके बाद उन्होंने बैंक में रखे करीब 40 किलो सोना, जिसकी कीमत लगभग 7 करोड़ रुपये बताई जा रही है, और करीब 5 लाख रुपये नकद लूट लिए. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत का माहौल है.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है. संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान जल्द की जा सके. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही अपराधियों को पकड़ने का दावा कर रही है.

