
सरायकेला: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और विधि- व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर रविवार को सीनी ओपी परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता सीनी ओपी प्रभारी ने की. इसमें क्षेत्र के मुखिया, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि, अखाड़ा समिति के सदस्य, ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए.


बैठक में मोहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्ग, अखाड़ा प्रदर्शन, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा आपसी भाईचारा बनाए रखने जैसे विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई. ओपी प्रभारी ने सभी से प्रशासन का सहयोग करने और पर्व को शांति एवं सौहार्द के वातावरण में मनाने की अपील की.
उन्होंने कहा कि मोहर्रम सामाजिक एकता, अनुशासन और भाईचारे का संदेश देने वाला पर्व है. किसी भी हाल में कानून- व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जाएगी. पर्व के दौरान अफवाह फैलाने, भड़काऊ टिप्पणी करने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी. सोशल मीडिया की भी लगातार निगरानी की जाएगी और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी.
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी जुलूस प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग से ही निकाले जाएंगे. डीजे, ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं अन्य व्यवस्थाएं प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित होंगी. अखाड़ा समितियों से अनुशासन बनाए रखने और प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया गया.
ओपी प्रभारी ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य मोहर्रम पर्व को पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है.
बैठक के अंत में उपस्थित ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और अखाड़ा समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया तथा मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का संकल्प लिया.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह


