चांडिल Vikash Thakur अनुमंडल के ईचागढ़ प्रखंड के हाड़ात गांव में शनिवार तड़के जंगली हाथी ने भारी तबाही मचाते हुए एक ही परिवार पर हमला कर दिया. इस दर्दनाक घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल की रात करीब 3 बजे गांव में घुसे जंगली हाथी ने घर पर हमला कर दिया. हमले में चाइना देवी (35 वर्ष) और उनकी 13 वर्षीय पुत्री अमिता की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं परिवार के मुखिया मोहनलाल महतो (72 वर्ष) और सांतुला देवी (70 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए.

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. टीम में प्रभारी वनपाल मुकेश महतो, राणा प्रताप, सनातन रेबानी, वन रक्षी मुन्ना सोरेन और कैलाश चंद्र महतो शामिल थे. साथ ही स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभालने में जुट गई. वन विभाग ने त्वरित राहत देते हुए मृतकों के परिजनों को 50-50 हजार रुपये की नगद सहायता प्रदान की है. साथ ही कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्येक मृतक के परिजनों को 3 लाख 50 हजार रुपये का मुआवजा दिए जाने की बात कही गई है.
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा गया है, जबकि घायलों का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. वन विभाग ने हाथी की गतिविधियों पर नजर रखते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

