सरायकेला: बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के प्रभाव से सरायकेला- खरसावां जिले में 27 से 30 अक्टूबर तक मौसम खराब रहने की संभावना है. इस दौरान तेज हवा चलने के साथ कहीं-कहीं गर्जन-वज्रपात और भारी बारिश हो सकती है. संभावित खराब मौसम को देखते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.


उपायुक्त ने नगर निकायों, बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा है. निचले एवं जलभराव वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के साथ नालियों की सफाई एवं जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं.
तेज हवा और बारिश के दौरान पेड़ या अन्य संरचनाओं के गिरने, बिजली के तार एवं खंभे क्षतिग्रस्त होने और आवागमन प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया है. विद्युत विभाग को भी तार टूटने या खंभे गिरने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया गया है.
वज्रपात के समय पेड़ और बिजली के खंभों से रहें दूर
जिला प्रशासन ने आम लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की है. गर्जन-वज्रपात के समय खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभे और तारों के पास खड़े न होने तथा सुरक्षित पक्के भवन में शरण लेने की सलाह दी गई है. नदी-नालों, जलाशयों और जलभराव वाले क्षेत्रों में भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है.
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि टूटे बिजली के तार या गिरे खंभों को न छुएं और इसकी सूचना तत्काल विद्युत विभाग को दें. उपायुक्त ने लोगों से मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन को सूचित करने की अपील की है.

