जामताड़ा/ Manish Baranwal मारवाड़ी युवा मंच की जामताड़ा शाखा के सत्र 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार रात गांधी मैदान के समीप स्थित मंच भवन में संपन्न हुआ. कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुई. निवर्तमान अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष जतिन परसुरामका को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई.

इसके बाद अध्यक्ष जतिन परसुरामका ने अभिषेक डोकानिया को सचिव और सूरज अग्रवाल को कोषाध्यक्ष पद की शपथ दिलाई. साथ ही कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों ने भी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ ली.
नवनियुक्त अध्यक्ष जतिन परसुरामका ने अपनी कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए कहा कि जामताड़ा में सेवा कार्यों को नई ऊंचाइयों पर ले जाना उनका मुख्य उद्देश्य होगा. उन्होंने बताया कि इस वर्ष स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और गर्मी के मौसम में राहगीरों के लिए पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा.
निवर्तमान अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने अपने कार्यकाल में मिले सहयोग के लिए सभी सदस्यों का आभार जताया. वहीं, उपस्थित वरिष्ठ सदस्यों ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए मार्गदर्शन प्रदान किया. कार्यक्रम के अंत में सचिव अभिषेक डोकानिया ने धन्यवाद ज्ञापन किया और समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ. इस अवसर पर बड़ी संख्या में सदस्य और शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे.

