रांची: झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग (प्राथमिक शिक्षा निदेशालय) की ओर से सहायक आचार्य नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया गया है. इस संबंध में उप निदेशक प्राथमिक शिक्षा नीलम आईलीन टोप्पो द्वारा सभी जिला शिक्षा अधीक्षकों को पत्र भेजा गया है.

जारी पत्र के अनुसार झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित झारखंड प्रारंभिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 के तहत इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 1 से 5) और स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 6 से 8) के रिक्त पदों के विरुद्ध अनारक्षित अभ्यर्थियों की सूची और फोल्डर उपलब्ध कराए गए हैं.
निर्देश में कहा गया है कि संबंधित अभ्यर्थियों की सूची एवं फोल्डर 27 अप्रैल 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से प्राप्त किए जाएंगे. इसके लिए सभी जिलों को योग्य एवं जिम्मेदार पदाधिकारी या लिपिक को नामित कर अधिकृत हस्ताक्षर का नमूना ईमेल के माध्यम से भेजने को कहा गया है. साथ ही यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि नामित अधिकारी निर्धारित तिथि और समय पर प्राथमिक शिक्षा निदेशालय, रांची स्थित एमडीआई भवन में आवश्यक प्राधिकृत पत्र के साथ उपस्थित होकर दस्तावेज प्राप्त करें.
विभाग ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए यह कदम उठाया गया है, ताकि नियुक्ति से जुड़ी आगे की प्रक्रिया सुचारु रूप से आगे बढ़ सके.

