चतरा: भ्रष्टाचार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) हजारीबाग की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चतरा सदर अंचल के हल्का-7 के राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोप है कि जमीन के म्यूटेशन के एवज में कर्मचारी ने कुल 30 हजार रुपये की मांग की थी. पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपये लेते ही ACB की टीम ने उसे दबोच लिया.


कार्रवाई सदर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित कर्मचारी भवन में की गई. गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम ने आरोपी के कार्यालय में दस्तावेज और संबंधित अभिलेखों की जांच की. इसके बाद सतीश प्रसाद को आगे की कार्रवाई के लिए हजारीबाग ले जाया गया. अचानक हुई कार्रवाई से प्रखंड और अंचल कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया.
तुलसी यादव की शिकायत पर बिछाया गया जाल
ACB हजारीबाग के एसपी आरिफ इकराम ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि गिद्धौर थाना क्षेत्र के नया खाप निवासी तुलसी यादव ने लिखित शिकायत की थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि जमीन का म्यूटेशन कराने के बदले राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद उनसे 30 हजार रुपये रिश्वत मांग रहा है.
शिकायत मिलने के बाद ACB ने आरोपों का सत्यापन कराया. सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने ट्रैप की योजना तैयार की. मंगलवार को जैसे ही सतीश प्रसाद ने शिकायतकर्ता से पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपये लिए, पहले से मौजूद ACB टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया. ACB के अनुसार आवश्यक कागजी और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जाएगा. गौरतलब है कि सतीश प्रसाद चतरा सदर अंचल के हल्का संख्या-7 में पदस्थापित है. इस हल्का के अंतर्गत दारियातू और लेम पंचायत का क्षेत्र आता है.

