जामताड़ा: नाला- दुमका मुख्य मार्ग पर सियारकटिया मोड़ के समीप बुधवार शाम सड़क दुर्घटना में पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई. दोनों एक ही बाइक से नाला अस्पताल से इलाज कराकर अपने घर सांगाजुड़ी लौट रहे थे. इसी दौरान सड़क किनारे खराब हालत में खड़ी ट्रैक्टर की ट्रॉली के पीछे उनकी बाइक जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान सागर डोम (50) और उनके पुत्र छोटन डोम (35) के रूप में हुई है.


घटना बुधवार शाम करीब छह बजे की बताई जा रही है. हादसे की सूचना मिलते ही नाला पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को नाला अस्पताल पहुंचाया. पिता-पुत्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई. आक्रोशित परिजनों ने सियारकटिया मोड़ के समीप नाला-दुमका मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हो गया.
पूर्व कृषि मंत्री ने पहुंचकर कराया मामला शांत
सड़क जाम की सूचना मिलने पर पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा और भाजपा के वरिष्ठ नेता माधव चंद्र महतो भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों से बातचीत की. साथ ही प्रशासन से वार्ता कर तत्काल स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया. पुलिस प्रशासन सड़क पर आवागमन सुचारु कराने में जुटा रहा.
घटनास्थल पर नाला प्रभाग के पुलिस निरीक्षक बिहारी मरांडी, थाना प्रभारी विकास कुमार यादव, सहायक पुलिस अवर निरीक्षक निताई दास, एएसआई पिंटू सिंह, सहायक पुलिस अवर निरीक्षक बलभद्र टुडू, मुखिया प्रतिनिधि गुपीन सोरेन सहित कई समाजसेवी और राजनीतिक दलों के नेता मौजूद थे. समाचार लिखे जाने तक रात आठ बजे सड़क जाम जारी था. हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस प्रशासन जाम हटाकर यातायात बहाल कराने के प्रयास में जुटा हुआ था.

