खरसावां: विधायक दशरथ गागराई दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में आयोजित 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन (69th Commonwealth Parliamentary Conference) में शामिल हुए. झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो भी शामिल हैं.


राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (CPA) के इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर विभिन्न देशों और क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि संसदीय लोकतंत्र, सुशासन, सतत विकास और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर अपने अनुभव और विचार साझा कर रहे हैं. विधायक दशरथ गागराई झारखंड शाखा के प्रतिनिधि के रूप में सम्मेलन में भाग ले रहे हैं.
सम्मेलन में लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने, राजनीति में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी, जलवायु परिवर्तन, डिजिटल गवर्नेंस तथा सतत विकास जैसे विषयों पर चर्चा की जा रही है. इसके साथ विभिन्न देशों की संसदीय कार्यप्रणाली और सफल विकास मॉडल को समझने का अवसर भी प्रतिनिधियों को मिल रहा है.
विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंचों से दूसरे देशों की संसदीय कार्यप्रणाली और जनहितकारी नीतियों को समझने का अवसर मिलता है. विश्व स्तर पर अपनाए जा रहे सफल प्रयोगों और नवाचारों से सीख लेकर झारखंड तथा विशेष रूप से खरसावां क्षेत्र के विकास में उपयोगी पहल करने का प्रयास किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है. राष्ट्रमंडल देशों के जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद और अनुभवों के आदान-प्रदान से लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संसदीय व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में नई समझ विकसित होती है.

