जामताड़ा: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जामताड़ा की ओर से पालोजोरी पंचायत भवन में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में डिप्टी चीफ LADC उत्तम कुमार सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. पैनल लॉयर पूजा हांसदा और पंचायत के उप मुखिया दामोदर राय भी मौजूद रहे. कार्यक्रम में ग्रामीणों को विभिन्न विधिक एवं सामाजिक विषयों की जानकारी देते हुए उन्हें अपने अधिकारों और कानून के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया. मुख्य अतिथि उत्तम कुमार सिन्हा ने NALSA Women & Child Scheme के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने महिलाओं और बच्चों के लिए उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता एवं कानूनी संरक्षण की जानकारी देते हुए जरूरतमंद लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क करने की अपील की. उन्होंने NALSA DAWN Scheme, 2025 के उद्देश्यों और ग्रामीण क्षेत्रों तक विधिक जागरूकता पहुंचाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला.


पैनल लॉयर पूजा हांसदा ने धारा 498A, दहेज प्रथा, लैंगिक समानता तथा महिलाओं के कानूनी अधिकारों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ कानून में प्रावधान किए गए हैं. महिलाओं को समानता, सम्मान और गरिमापूर्ण जीवन के लिए प्राप्त संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया गया.
उप मुखिया दामोदर राय ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लोगों से जागरूक रहने की अपील की. उन्होंने महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों के संरक्षण में समाज की सक्रिय भागीदारी को जरूरी बताया.कार्यक्रम में ग्रामीणों को बताया गया कि कानून की जानकारी और समय पर विधिक सहायता प्राप्त करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है. महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित किसी भी समस्या में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता ली जा सकती है. इसके लिए विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क करने की जानकारी दी गई.कार्यक्रम को सफल बनाने में PLV रोहित मिर्धा एवं आनंद महतो ने सक्रिय सहयोग किया.मौके पर पंचायत प्रतिनिधियों के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

