जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत रामुखटाल वार्ड संख्या 13 में नाबालिग युवती के साथ छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है. इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है. मिली जानकारी के अनुसार, पड़ोस में रहने वाले एक 45 वर्षीय विवाहित व्यक्ति ने मौका पाकर इस वारदात को अंजाम दिया.

घटना के समय पीड़िता के माता- पिता 18 अप्रैल को बिहार में एक निजी कार्यक्रम में गए हुए थे और बच्ची अपने भाई के साथ घर पर अकेली थी.
बताया जा रहा है कि आरोपी ने इसी स्थिति का फायदा उठाते हुए छेड़छाड़ की. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन तत्काल वापस लौटे और आरोपी से पूछताछ करने उसके घर पहुंचे, जहां वह आक्रामक हो गया.
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया. इस संबंध में मिहिजाम थाना कांड संख्या 22/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि पीड़िता और उसके परिवार की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी गई है. उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है.

