चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत रहमत नगर केला गोदाम के समीप रहने वाले मोहम्मद अहमद कुरैशी का 15 वर्षीय भांजा शेख सलाउद्दीन उर्फ बबलू रविवार सुबह से लापता है. बच्चे के अचानक गायब होने से परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल है. परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है.


परिजनों के अनुसार रविवार सुबह करीब 11 बजे घर में पढ़ाई-लिखाई को लेकर शेख सलाउद्दीन को डांट-फटकार लगाई गई थी. इसके कुछ समय बाद वह घर से निकल गया. घर से निकलने से पहले उसने अपने छोटे भाई रेहान को बताया था कि वह बलिया स्थित अपनी फुप्पू (बुआ) के घर जा रहा है.
जब परिवार के लोगों ने बलिया में संपर्क किया तो पता चला कि वह वहां नहीं पहुंचा है. इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के संभावित स्थानों पर उसकी तलाश शुरू की. देर रात तक खोजबीन जारी रही, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी.
मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्चे के मामा मोहम्मद अहमद कुरैशी ने कपाली ओपी में लिखित आवेदन देकर उसकी सकुशल बरामदगी की मांग की है. पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है और बच्चे की तलाश में जुट गई है.
परिजनों ने बताया कि लापता नाबालिग अपने साथ नीले रंग का बैग लिए हुए है. उसने सफेद रंग की चेकदार शर्ट और नीले रंग की फुल पैंट पहन रखी थी. बच्चे के अचानक लापता होने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
परिवार ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को शेख सलाउद्दीन उर्फ बबलू कहीं दिखाई दे या उसके संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत मोबाइल नंबर 9835131809 पर संपर्क करें, ताकि उसे जल्द से जल्द उसके परिजनों तक सुरक्षित पहुंचाया जा सके. पुलिस और परिजनों को उम्मीद है कि लोगों के सहयोग और सतर्कता से नाबालिग जल्द ही सकुशल अपने घर लौट आएगा.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

