बोकारो: सिटी थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ कथित छेड़छाड़, मारपीट और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने के आरोप में जिम ट्रेनर समेत तीन लोगों के खिलाफ एससी- एसटी थाना में मामला दर्ज किया गया है. पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.


जानकारी के अनुसार, पीड़िता ज्योति कुमारी ने बोकारो पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. महिला का आरोप है कि उनके भवन में जिम संचालित करने वाले जिम ट्रेनर अमित कुमार और उसके दो सहयोगियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार करने की कोशिश की. विरोध करने पर मारपीट की गई और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उन्हें प्रताड़ित किया गया.
महिला ने बताया कि घटना के बाद वह अपनी शिकायत लेकर महिला थाना पहुंची थी, लेकिन वहां से उसे वापस लौटा दिया गया. इसके बाद उसने एसपी कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी दी और न्याय की गुहार लगाई.
पीड़िता के अनुसार, एसपी के हस्तक्षेप के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया और एससी- एसटी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई. महिला ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
इस संबंध में सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सभी तथ्यों की पड़ताल की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

