जमशेदपुर: शहर में सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब चेन स्नेचिंग की घटना के बाद पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. बताया जा रहा है कि टेल्को थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही टेल्को, सिदगोड़ा समेत कई थाना क्षेत्रों की पुलिस सक्रिय हो गई और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी शुरू कर दी गई.


पुलिस टीम ने दोनों बदमाशों का पीछा किया, जिसके बाद मामला हाई वोल्टेज चेजिंग में बदल गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पीछा किए जाने के दौरान अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. सूत्रों का दावा है कि भागने के क्रम में बदमाशों ने करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं. इसके बाद दोनों आरोपी सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित सूर्य मंदिर के समीप झारखंड आर्म्ड पुलिस (JAP) परिसर की ओर भाग गए.
बताया जा रहा है कि JAP परिसर में मौजूद जवानों और पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया. इस दौरान एक आरोपी के घायल होने की भी सूचना है. घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजे जाने की बात सामने आ रही है. सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्तौल और 10 से अधिक जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.
हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस अधिकारियों की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी बड़े आपराधिक गिरोह से जुड़े हैं या नहीं. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी. इस घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट मोड में है और अपराधियों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है.

