जामताड़ा: खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के खिलाफ कांग्रेस ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है. मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों और ‘चंदा चोरी’ समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की. पार्टी ने 27 अगस्त से जिला स्तर पर आंदोलन शुरू करने और 7 सितंबर को रांची में प्रदेश स्तरीय महाधरना आयोजित करने का ऐलान किया है.


जिला प्रभारी सुल्तान अहमद और जिलाध्यक्ष दीपिका बेसरा ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर आंदोलन की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई है. पहले चरण में 27 अगस्त को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और ज्ञापन सौंपा जाएगा. इसके बाद 7 सितंबर को रांची में प्रदेश स्तरीय महाधरना होगा.
9 से 16 सितंबर तक प्रखंडों में प्रदर्शन
कांग्रेस ने आंदोलन को प्रखंड स्तर तक ले जाने की भी तैयारी की है. पार्टी नेताओं के मुताबिक 9 से 16 सितंबर तक राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से ज्ञापन सौंपे जाएंगे.
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आंदोलन के दौरान केंद्र सरकार की नीतियों, चंदा संग्रह से जुड़े मामलों और खान एवं खनिज संशोधन विधेयक को लेकर पार्टी अपना पक्ष जनता के बीच रखेगी. नेताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना जरूरी हो गया है और इसी उद्देश्य से चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति बनाई गई है.
जिला कांग्रेस नेतृत्व ने पार्टी कार्यकर्ताओं से 27 अगस्त से शुरू होने वाले आंदोलन में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है. नेताओं ने दावा किया कि आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा. प्रेस वार्ता में कार्यकारिणी अध्यक्ष विजय दुबे, प्रखंड अध्यक्ष दाऊद अंसारी, इरशाद उल हक समेत कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

