चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर स्थित शीतला मंदिर इलाके में गुरुवार को एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. किराये के मकान में रह रही अनीता बिंद का शव खून से लथपथ हालत में मिला. शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान बताए जा रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मृतका अनीता बिंद सोनुआ प्रखंड के महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थी. वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर की रहने वाली थी और करीब 15 दिन पहले ही चक्रधरपुर के शीतला मंदिर इलाके में किराये के मकान में रहने आई थी.


मकान में संदिग्ध रूप से पहुंचा था युवक
बताया जा रहा है कि गुरुवार को एक युवक को अनीता के किराये के मकान के अंदर संदिग्ध स्थिति में देखा गया. मकान मालिक द्वारा पूछताछ किए जाने पर युवक ने कथित रूप से खुद को अनीता का परिचित बताया और उससे मिलने आने की बात कही. इसके बाद मकान के अंदर जाकर देखा गया तो अनीता खून से लथपथ पड़ी मिली. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया. युवक की पहचान अनिल कुमार बिंद के रूप में बताई गई है. वह भी उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर का रहने वाला है.
हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
प्रारंभिक स्तर पर घटना के पीछे आपसी संबंधों से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है. हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और इसमें हिरासत में लिए गए युवक की भूमिका पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक अनीता के मकान तक कैसे पहुंचा, दोनों एक-दूसरे को किस तरह जानते थे और वारदात से पहले क्या हुआ था. शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. घटना के बाद शीतला मंदिर इलाके में सनसनी है. पुलिस हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ के साथ अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.

