पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बिहार के सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने अपनी कला के लिए इस बार न रेत चुनी, न कागज और न ही पारंपरिक कैनवास. उन्होंने करीब ढाई किलो के हरे नारियल को कैनवास बनाकर उसकी सतह पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर उकेरी है.


मधुरेंद्र कुमार के अनुसार इस कलाकृति को तैयार करने में करीब तीन दिन लगे. नारियल की असमान और घुमावदार सतह पर नुकीले औजार की मदद से बारीक कटिंग कर प्रधानमंत्री की आकृति तैयार की गई. इसके साथ “जनसेवा से राष्ट्रसेवा” और “Our PM Our Pride” का संदेश भी उकेरा गया है.
नारियल पर कलाकारी बनी चुनौती
मधुरेंद्र के मुताबिक हरे नारियल की प्राकृतिक सतह पर किसी व्यक्ति की आकृति उकेरना सामान्य कैनवास पर चित्र बनाने से अलग चुनौती थी. सतह की बनावट और गोलाकार आकार को ध्यान में रखते हुए तस्वीर के छोटे-छोटे हिस्सों को सावधानी से आकार दिया गया.

![]()
कलाकार ने इस कलाकृति के जरिए प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए जनसेवा और राष्ट्रसेवा का संदेश देने की बात कही है. मधुरेंद्र का कहना है कि वह विभिन्न अवसरों पर अपनी कला के माध्यम से सामाजिक और राष्ट्रीय विषयों को अलग अंदाज में प्रस्तुत करने का प्रयास करते हैं.
सोशल मीडिया पर भी खींच रही ध्यान
हरे नारियल पर तैयार कलाकृति की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की गई हैं. रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली प्राकृतिक वस्तु को कला का माध्यम बनाने के कारण यह प्रयोग लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है.

मधुरेंद्र इससे पहले भी रेत से अलग विभिन्न माध्यमों पर कलाकृतियां तैयार करते रहे हैं. उनका यह नया प्रयोग उसी क्रम की एक और कड़ी है, जिसमें एक साधारण नारियल को कलात्मक अभिव्यक्ति का माध्यम बनाया गया है. कलाकृति का संदेश है- “जनसेवा से राष्ट्रसेवा. हमारे प्रधानमंत्री, हमारा गौरव.”

