आसनसोल: आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के नशा विरोधी अभियान के तहत कुल्टी थाना क्षेत्र में डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (DD) ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 81 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. गुरुवार देर रात सीतारामपुर स्थित टैगोर इंस्टीट्यूट के समीप की गई कार्रवाई में तीन महिलाओं समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है. भारी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है.


गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस सूत्रों के अनुसार, DD को सूचना मिली थी कि सीतारामपुर के टैगोर इंस्टीट्यूट के समीप एक स्थान पर भारी मात्रा में गांजा रखा गया है. सूचना के आधार पर विशेष टीम ने पहले इलाके की गतिविधियों पर नजर रखी. इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर संदिग्ध स्थान पर तलाशी अभियान चलाया गया. तलाशी के दौरान करीब 81 किलो गांजा बरामद हुआ.
तीन महिलाओं समेत छह गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से छह लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं. हालांकि, पुलिस की ओर से फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों के नाम और अन्य व्यक्तिगत विवरण सार्वजनिक नहीं किए गए हैं. बरामद गांजे की कीमत कई लाख रुपये आंकी जा रही है.
खेप कहां से आई और कहां होनी थी सप्लाई?
भारी मात्रा में गांजे की बरामदगी के बाद पुलिस अब इसकी सप्लाई चेन की जांच में जुट गई है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजे की खेप सीतारामपुर तक कहां से पहुंची थी और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के जरिए इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है.
बड़े तस्करी नेटवर्क की आशंका
पुलिस को आशंका है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजे की बरामदगी के पीछे संगठित तस्करी नेटवर्क हो सकता है. जांच एजेंसियां गांजा लाने, उसके भंडारण और संभावित सप्लाई में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं. पुलिस को उम्मीद है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद तस्करी नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

